Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले से अंधविश्वास के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मैथन ओपी क्षेत्र में साधु का भेष बनाकर घूम रहे तीन युवकों ने एक महिला को अपने झांसे में ले लिया। आरोपियों ने टोना-टोटका और पूजा-पाठ का डर दिखाकर महिला के सोने के जेवरात और नकदी ठग लिए। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता के कारण तीनों आरोपी भागने में नाकाम रहे और उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
Dhanbad: पानी मांगने के बहाने घर में घुसे थे फर्जी साधु
पीड़ित महिला अंजू मंडल ने बताया कि तीनों युवक साधु के वेश में उनके घर पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने पीने के लिए पानी मांगा। पानी पीने के बहाने घर में दाखिल होने के बाद उन्होंने धार्मिक बातें शुरू कर दीं। युवकों ने महिला से कहा कि यदि वह घर के गहनों को मंत्र पढ़कर शुद्ध करवाएगी, तो परिवार में हमेशा सुख-शांति बनी रहेगी और सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी।
ये भी देखें: दिनभर की बड़ी खबरें फटाफट | UPSC Prelims 2026| Jharkhand Police | Air India | Glenn Phillips

गहनों की जगह कपड़े में बांध दी गांठ, ऐसे खुला राज
फर्जी साधुओं की बातों में आकर महिला ने अपने सोने के जेवरात और कुछ नकदी उन्हें सौंप दी। आरोपियों ने चालाकी से गहनों को एक कपड़े में बांधने का नाटक किया और महिला को एक साड़ी में गांठ बांधकर थमा दी। उन्होंने कहा कि इसे कुछ देर बाद ही खोलना।
साधुओं के जाने के बाद महिला को कुछ अजीब लगा और उसे शक हुआ। उसने तुरंत पड़ोस की अन्य महिलाओं को बुलाया और उनकी मौजूदगी में जब साड़ी की गांठ खोली, तो उसके होश उड़ गए। कपड़े के अंदर जेवरात गायब थे। ठगी का अहसास होते ही महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
गैलेक्सी सिटी के पास ऑटो से भागते हुए पकड़े गए आरोपी
महिला की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपियों का पीछा करना शुरू किया। तीनों आरोपी एक ऑटो में सवार होकर भागने की फिराक में थे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें गैलेक्सी सिटी के पास घेराबंदी कर दबोच लिया।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय मैथन ओपी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई।
बिहार के रहने वाले हैं आरोपी, पुलिस खंगाल रही रिकॉर्ड
शुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए तीनों युवक बिहार के रहने वाले हैं। मैथन पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने क्षेत्र में पहले भी इस तरह की ठगी या आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड (Criminal Record) को भी खंगाल रही है।








