Dhanbad: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल अंतर्गत मुग्मा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सिग्नल मिलने के बाद आगे बढ़ रही एक मालगाड़ी का इंजन और उसके पीछे लगे दो वैगन अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
Read More: Share Market में जोरदार वापसी! सेंसेक्स 400 अंक उछला, निफ्टी 23,900 के पार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी जैसे ही मुग्मा स्टेशन क्षेत्र से आगे बढ़ने लगी, तभी जोरदार झटके के साथ इंजन और दो डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय उसी ट्रैक पर कोई अन्य ट्रेन नहीं थी, जिससे संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग की टीम और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। इसके बाद युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पटरी से उतरे इंजन और डिब्बों को सुरक्षित रूप से ट्रैक पर लाने का कार्य पूरा किया गया।
Dhanbad: कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
मालगाड़ी के डिरेल होने के कारण रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सुरक्षा कारणों से कई एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बहाली कार्य पूरा होने के बाद धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन सामान्य किया गया।
ट्रैक सुरक्षा पर उठे सवाल
मुग्मा स्टेशन पर हुई इस घटना ने रेलवे की ट्रैक सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रेलखंड पर पहले भी कई रेल दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से यात्रियों और स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ गई है।
जांच के आदेश, तकनीकी खामी की आशंका
रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या ट्रैक संबंधी समस्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से ट्रैक और सुरक्षा व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।
ये भी देखें: पेपर लीक का दोषी टेलीग्राम था… या सिस्टम? | NEET Paper Leak Explained | NTA | Telegram Ban
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









