Ranchi: पूर्व मंत्री और लोहरदगा से कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव तथा उनके बेटे रोहित उरांव को ईड़ी ने दूसरी बार समन जारी किया है। ईडी ने समन जारी करते हुए दोनों को 6 जुलाई को ईडी के जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इससे पहले उन्हें सोमवार को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन दोनों उपस्थित नहीं हो सके और तीन सप्ताह का समय मांगा था।
पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश और रोहित के बीच संबंध की जांच
ईडी सूत्रों के अनुसार, शराब टेंडर से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान कुछ वित्तीय लेन-देन एजेंसी के संज्ञान में आए हैं। जांच में यह देखा जा रहा है कि रोहित उरांव और झारखंड के चर्चित पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश के बीच कथित तौर पर हुए आर्थिक लेन-देन का इस मामले से कोई संबंध है या नहीं।
रोहित उरांव के ठिकानों से कई दस्तावेज जब्त
बताया जा रहा है कि रोहित उरांव के ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद एजेंसी ने दोनों को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि, जांच अभी जारी है और किसी भी पक्ष की कानूनी जिम्मेदारी या दोष तय नहीं हुआ है। 6 जुलाई की पूछताछ में दोनों अपना पक्ष ईडी के सामने रखेंगे, जिसके बाद जांच की दिशा और स्पष्ट हो सकती है।









