Koderma: कोडरमा के खतरनाक माने जाने वाले नौवां माइल क्षेत्र में बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने सड़क पर हालात पूरी तरह बिगाड़ दिए। लगातार हुए दो बड़े सड़क हादसों के कारण रांची-पटना मेन रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पूरी रात यात्री और वाहन चालक सड़क पर फंसे रहे, जबकि पुलिस और प्रशासन देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
डस्ट लदी ट्रक बीच सड़क पर पलटी
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार से रेडीमेड कपड़े लेकर आ रहा एक ट्रक रात करीब 8 बजे बारिश और फिसलन के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें लदे कपड़ों के कार्टन सड़क पर बिखर गए, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे में चालक सुनील साव को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही कोडरमा सदर थाना प्रभारी अरविंद कुमार और एसआई धनेश्वर कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात बहाल कराने का प्रयास शुरू किया।
इसी दौरान, जब पहले हादसे को संभालने का काम चल रहा था, तभी केटीपीएस से राख (डस्ट) लेकर बिहार जा रहा एक हाईवा भी उसी स्थान पर फिसलकर पलट गया। हाईवा से राख सड़क पर फैल गई, जिससे सड़क और अधिक फिसलन भरी हो गई। इसके बाद पीछे से आ रहे तीन से चार वाहन भी अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए।
दुर्घटनाओं से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी
लगातार हुई दुर्घटनाओं से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे वाहनों को हटाने और सड़क साफ कराने का अभियान चलाया, लेकिन लगातार बारिश के कारण राहत कार्य प्रभावित होता रहा। गुरुवार सुबह धीरे-धीरे जाम हटाया गया और वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। कई वाहन चालकों ने जाम से बचने के लिए बरही-गया मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में चुना। प्रशासन ने बारिश के दौरान नौवां माइल क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की।










