Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं। शनिवार को अशोका होटल के पास बाइक सवार दो ठगों ने दिल्ली से लौट रहे एक मजदूर को अपना शिकार बनाया। ठगों ने गांव का पता पूछने के बहाने उसे बाइक पर बैठाया और सामान की जांच का झांसा देकर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित के बैग में 14 हजार रुपये और परिवार के लिए खरीदे गए नए कपड़े थे।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के जमुआ निवासी रंजीत यादव शनिवार सुबह करीब 10 बजे पूर्वा एक्सप्रेस से कोडरमा स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वह अपने गांव जाने के लिए बस की तलाश में पैदल महाराणा प्रताप चौक की ओर जा रहे थे।
रुपयो से भरा बैग लेकर अपराधी फरार
इसी दौरान अशोका होटल के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने उनसे गांव का नाम पूछा। जमुआ का नाम सुनकर उसने खुद को भी उसी इलाके का निवासी बताया और रंजीत को बाइक पर बैठा लिया। बाद में उसने अपने एक साथी को भी बुला लिया। दोनों रंजीत को एक गली में ले गए, जहां सामान की जांच करने के बहाने उसका रुपयों वाला बैग ले लिया। ठगों ने बदले में अपना एक बैग रंजीत को थमाया और वहां से फरार हो गए।
काफी देर तक दोनों के नहीं लौटने पर रंजीत ने डायल 100 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई।
इसी जगह पहले भी हुई थी ठगी
बताया जाता है कि मंगलवार को भी इसी इलाके में दो बाइक सवारों ने खुद को एसपी कार्यालय का कर्मी बताकर एक व्यक्ति की सोने की चेन और अंगूठी की ठगी कर ली थी।
लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी है। लोगों ने महाराणा प्रताप चौक और आसपास के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अजनबियों पर भरोसा करने से बचने और किसी भी तरह की जबरदस्ती या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









