Godda News: झारखंड के Godda जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। नगर थाना क्षेत्र के पुनसिया गांव के पास गोड्डा-हंसडीहा फोरलेन सड़क पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के दो टुकड़े हो गए और उसके हिस्से करीब 200 फीट दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की हुई पहचान
मृतक की पहचान पुनसिया गांव निवासी राजन कुमार के रूप में हुई है। वह हरिमोहन मंडल के पुत्र थे, जो पुनसिया गांव के प्रधान बताए जाते हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजन कुमार अपनी पल्सर बाइक से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे निर्माणाधीन अपने नए घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोड्डा की ओर से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि राजन कुमार की शादी करीब एक वर्ष पहले कुरमन गांव में हुई थी। उनकी असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने गोड्डा-हंसडीहा फोरलेन सड़क को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी दिनेश महली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हो सका।
फरार चालक की तलाश जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








