Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने खनिज विधेयक को लेकर भाजपा और झारखंड से चुने गए भाजपा सांसदों पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि खनिज संपदा झारखंड की पहचान, अर्थव्यवस्था और यहां की जनता के अधिकारों से जुड़ा सवाल है। ऐसे में केंद्र की ओर से झारखंड के हितों और राज्यों के अधिकारों को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रावधान को कांग्रेस किसी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
राकेश सिन्हा ने झारखंड के सभी भाजपा सांसदों को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि “अगर भाजपा सांसदों में झारखंड और झारखंड की जनता के प्रति जरा भी जिम्मेदारी और नैतिकता बची है, तो वे इस विधेयक के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। या तो केंद्र सरकार पर दबाव बनाकर विधेयक वापस करवाएं या फिर अपने पद से इस्तीफा देकर झारखंड के अधिकारों की लड़ाई में जनता के साथ खड़े हों।”
भाजपा सांसद झारखंड की जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय भाजपा सांसद झारखंड की जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जब दिल्ली में झारखंड के अधिकारों और हितों की रक्षा करने की बारी आती है तो उनकी आवाज गायब हो जाती है। झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य और जनता के अधिकार का सवाल है, यह किसी पार्टी के हित से बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने भाजपा सांसदों पर हमला बोलते हुए कहा कि अब झारखंड की जनता देखना चाहती है कि भाजपा के सांसद झारखंड के साथ खड़े हैं या दिल्ली की सत्ता में मलाई खाने के लिए चुप्पी साधे बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सांसदों को तय करना होगा कि वे अपने पद और सत्ता की सुविधा को प्राथमिकता देंगे या झारखंड के अधिकार और जनता के हित को।भाजपा के झारखंड सांसदों की चुप्पी अब उनकी सहमति मानी जाएगी
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा के झारखंड सांसदों की चुप्पी अब उनकी सहमति मानी जाएगी। अगर वे इस विधेयक के प्रावधानों से सहमत नहीं हैं तो उन्हें संसद से लेकर सड़क तक खुलकर विरोध करना चाहिए। केवल बयानबाजी या दिखावटी विरोध से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झारखंड के अधिकारों, प्राकृतिक संसाधनों और संघीय ढांचे की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। “भाजपा सांसदों को अब जनता को जवाब देना होगा-वे झारखंड के प्रहरी हैं या दिल्ली की सत्ता के दरबारी?” राकेश सिन्हा ने कहा कि आने वाले दिनों में जनता खुद भाजपा सांसदों से सवाल करेगी और उनके रुख का हिसाब लेगी। झारखंड की खनिज संपदा झारखंड की जनता की ताकत है और कांग्रेस इस ताकत को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने देगी।
यह भी पढ़ें
संबंधित ताज़ा ख़बरें
झारखंड मुख्य समाचार एवं विशेष रिपोर्ट
Special Report
खबर मन्त्र एक्सक्लूसिव पड़ताल एवं विश्लेषण
Exclusive
ताजा प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय अपडेट्स
Top Video









