Ranchi: Jharkhand T20 क्रिकेट लीग 2026 के पहले सेमीफाइनल में जमशेदपुर स्टीलर्स ने कोयलांचल सुपरकिंग्स को 79 रन से हराकर शानदार अंदाज में फाइनल का टिकट कटाया। मुकाबले में कुमार करन की विस्फोटक बल्लेबाजी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उनकी रिकॉर्डतोड़ पारी की बदौलत जमशेदपुर स्टीलर्स ने विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसे कोयलांचल सुपरकिंग्स की टीम हासिल नहीं कर सकी।
टॉस जीतकर कोयलांचल सुपरकिंग्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उनके लिए महंगा साबित हुआ। जमशेदपुर स्टीलर्स के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और विपक्षी गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया।
कुमार करन ने महज 63 गेंदों में नाबाद 143 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी इस यादगार पारी में उन्होंने 14 छक्के और 8 चौके लगाए। उन्हें रवि शर्मा का भी शानदार साथ मिला, जिन्होंने 46 गेंदों पर नाबाद 81 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की दमदार साझेदारी की बदौलत जमशेदपुर स्टीलर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
कोयलांचल सुपरकिंग्स की ओर से जुनैद और हर्ष राज को एक-एक विकेट मिला।
251 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपरकिंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि कप्तान उत्कर्ष सिंह ने अकेले मोर्चा संभालते हुए 46 गेंदों पर शानदार 101 रन बनाए और अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।
पूरी टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर सिमट गई और जमशेदपुर स्टीलर्स ने मुकाबला 79 रन से अपने नाम कर लिया।
जमशेदपुर स्टीलर्स की ओर से प्रतीक रंजन और मोहम्मद कुनैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके।
कुमार करन को उनकी विस्फोटक और मैच जिताऊ पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
अब जमशेदपुर स्टीलर्स की टीम झारखंड टी20 लीग 2026 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है और खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









