Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिससे राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल पर बना मौसमी ट्रफ पश्चिम राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक झारखंड होते हुए गुजर रहा है। इसी वजह से एक सक्रिय मौसम प्रणाली बनी हुई है, जिसका असर अगले चार से पांच दिनों तक देखने को मिलेगा।
रांची, खूंटी, गुमला समेत कई जिलों में होगी बारिश
रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा और साहिबगंज जैसे जिलों में बारिश कम होने से उमस भरी गर्मी का असर बना रह सकता है। इन क्षेत्रों में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।










