Ranchi : बिरसा मुंडा तीरंदाजी एकेडमी, सिल्ली के दिव्यांग तीरंदाज जीतू राम बेदिया का चयन भारतीय टीम में हुआ है। वह भारत की तरफ से एशिया यूथ पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
एकेडमी के संरक्षक एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने बेदिया को एकेडमी की ओर से विश्वस्तरीय कंपाउंड धनुष भेंट कर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रांची जिला तीरंदाजी संघ के सचिव चंचल भट्टाचार्य तथा बोकारो जिला परिषद की उपाध्यक्ष बबिता देवी उपस्थित थे।
बेदिया को एकेडमी की अध्यक्ष श्रीमती नेहा महतो ने भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती गांव जोन्हा, डिमरा (बंधटोला) निवासी जीतू राम बेदिया का चयन न केवल सिल्ली क्षेत्र बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।
जीतू राम की लगन, मेहनत और अटूट हौसला हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है-सुदेश महतो
सुदेश कुमार महतो ने कहा कि जीतू राम की लगन, मेहनत और अटूट हौसला हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। यह साबित करता है कि कठिनाइयों के बावजूद यदि अवसर और मार्गदर्शन मिले तो हर बच्चा अपनी प्रतिभा से नई ऊँचाइयों को छू सकता है।
उन्होंने जीतू राम बेदिया को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “आप झारखंड और देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करें, यही हमारी कामना है।”
चंचल भट्टाचार्य ने कहा कि बिरसा मुंडा तीरंदाजी एकेडमी, सिल्ली ने जीतू राम बेदिया की प्रतिभा को समय रहते पहचाना और उनके हाथों में धनुष थमाकर उन्हें सफलता की दिशा में अग्रसर किया। अकादमी के निरंतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के परिणामस्वरूप आज जीतू अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं।
इस अवसर पर अकादमी की अध्यक्षा नेहा महतो, मुख्य संरक्षक एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो, सभी ने जीतू की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









