Bokaro: बोकारो स्थित वेदांता समूह की कंपनी ESL स्टील लिमिटेड के प्लांट परिसर में रविवार को गैस के संपर्क में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोमिया के तिलैया निवासी सोहन महतो और धनबाद के डिगवाडीह निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद प्लांट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गैस के संपर्क में आने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कंपनी के बयान के मुताबिक, मृतकों में एक उसका एग्जीक्यूटिव था, जबकि दूसरा बिजनेस पार्टनर के अधीन इंजीनियर के रूप में कार्यरत था।
कंपनी ने जताया शोक, स्वतंत्र जांच का भरोसा
घटना के बाद कंपनी ने दोनों कर्मचारियों की मौत पर शोक जताया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कंपनी की ओर से कहा गया है कि इस कठिन समय में दोनों परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग दिया जा रहा है।
कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, हादसे की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी। जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।
हादसे के कारणों का इंतजार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्लांट परिसर में किस प्रकार की गैस के संपर्क में आने से दोनों की मौत हुई। घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी विस्तृत जानकारी भी सामने नहीं आई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








