Ranchi: भाजपा जिला कार्यालय, रामगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की मासिक बैठक हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर छात्रों और युवाओं की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
बैठक संपन्न होने के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन सरकार में राज्य की जो वर्तमान स्थिति है, वह जगजाहिर है। राज्य सरकार छात्रों, युवाओं के साथ अन्याय एवं अत्याचार करने का काम कर रही है। छात्र बीते 21 दिनों से शांतिपूर्वक और मर्यादित ढंग से आंदोलन कर रहे हैं।
पिछले 7 साल में हुई तमाम भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई से जांच
छात्रों की एक ही मांग है कि पिछले 7 साल में हुई तमाम भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई से जांच हो। परंतु सरकार इस पर गंभीरतापूर्वक ध्यान नहीं दे रही है। छात्रों द्वारा अब अपने आंदोलन को और धारदार तरीके से करने का निर्णय लिया गया है। छात्रों के शांतिपूर्ण सभी आंदोलन को भाजपा का नैतिक समर्थन है। राज्य सरकार को सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा तत्काल करनी चाहिए।
उन्होंने कहा उक्त बैठक नियमित प्रक्रिया है जो प्रत्येक माह आयोजित होती है। इसमें आगामी कार्यक्रमों की रचना और पूर्व के कार्यक्रमों की समीक्षा की जाती है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। पार्टी के कई कार्यक्रम चल रहे हैं, इस पर गहन समीक्षा हुई। प्रदेश पदाधिकारियों की अगली बैठक दुमका में आयोजित की जाएगी।
साहू ने कहा कि पिछले 7 वर्षों से JSSC और JPSC परीक्षाओं में जमकर धांधली हुई है। इस सरकार ने युवाओं की नौकरियों को बेचने का काम किया है। छात्र बारिश के मौसम में भूखे प्यासे लगातार आंदोलनरत हैं लेकिन राज्य सरकार इनकी नहीं सुन रही है। यह आंदोलन केवल झारखंड का नहीं रह गया है, अब पूरे देश का विषय बन गया है। पिछले दिनों दिल्ली में एनडीए के सांसदों ने एक स्वर में छात्रों के पक्ष में आवाज उठाया और पैदल मार्च कर आवाज बुलंद की।
झारखंड के छात्र पूरी मर्यादित तरीके से आंदोलन कर रहे हैं
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब छात्र प्रदर्शन कर रहे थे तो पूरी दुनिया में देखा कि कैसे प्रधानमंत्री को भद्दी भद्दी गालियां दी गई, उनकी दिवंगत माता को भी नहीं छोड़ा गया। झारखंड के छात्र पूरी मर्यादित तरीके से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी बातों पर ध्यान नहीं दे रही है। इस मामले में राहुल गांधी और कांग्रेस का दोहरा चेहरा भी पूरी तरह सामने आ चुका है।
इसके पूर्व जिला कार्यालय परिसर में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पदाधिकारियों के द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया।
इस दौरान बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, डॉ प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सरोज सिंह, सुनिता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव एवं शालिनी बैसखियार, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री सूरज गुप्ता चौरसिया, महिला मोर्चा की अध्यक्षा आरती सिंह, किसान मोर्चा के अध्यक्ष पवन साहू, युवा मोर्चा के अध्यक्ष शशांक राज, एससी मोर्चा के अध्यक्ष किशुन दास एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अनवर हयात आदि उपस्थित रहे।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.