Hazaribagh: हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरु रोड स्थित एक मोटरसाइकिल शोरूम एवं सर्विसिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर अग्निशमन विभाग के तीन वाहन मौके पर पहुंचे। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने करीब दो घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों ने शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शोरूम में टायर, डीजल जेनरेटर और बाइक के पुर्जे रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। बेसमेंट में धुआं जमा होने से अग्निशमन कर्मियों को राहत कार्य में काफी परेशानी हुई।
बेसमेंट में धुएं से बढ़ी मुश्किल
अग्निशमन कर्मी मनोज सिंह के अनुसार, बेसमेंट में रखे टायर, बाइक के पुर्जे और अन्य सामान जलने से जहरीला धुआं फैल गया। वहां से धुआं निकलने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण आग बुझाने में कठिनाई हुई।
कई वाहनों के जलकर क्षतिग्रस्त होने की आशंका
घटना के समय शोरूम के अंदर करीब 25 से 30 वाहन मौजूद थे। इनमें कई वाहनों के जलकर क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। इससे लाखों रुपये के नुकसान की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों ने राहत कार्य के दौरान रोशनी और पर्याप्त उपकरणों की कमी से परेशानी होने की बात कही। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। नुकसान का सही आकलन जांच और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद ही हो सकेगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









