Koderma: कोडरमा जिले के सतगांवां प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पोखरडीहा में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर दिखा। बड़ी संख्या में छात्राएं पैदल प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं और प्रभारी बीडीओ सह सीओ मनोज कुमार रवि के समक्ष अपनी शिकायत रखी। छात्राओं ने ब्लॉक परिसर का घेराव करते हुए विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग की।
बीमार छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया
प्रदर्शन के दौरान अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कुछ छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बीमार छात्राओं को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
छात्राओं का कहना है कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। परीक्षा नजदीक होने के बावजूद पाठ्यक्रम पूरा नहीं होने और शिक्षकों की ओर से पढ़ाई के प्रति कथित लापरवाही की शिकायत छात्राओं ने की है। उनका आरोप है कि सवाल पूछने पर भी उन्हें उचित जवाब नहीं मिलता।
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया है कि शिकायत करने पर उन्हें टीसी काटकर घर भेजने की धमकी दी जाती है। उन्होंने विद्यालय की वार्डन प्रतीक्षा मिंज के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पढ़ाई के नाम पर मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप
बताया जाता है कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने प्रभारी बीडीओ सह सीओ, थाना प्रभारी, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि और अभिभावकों की मौजूदगी में अपनी शिकायत रखी थी। छात्राओं का आरोप था कि पढ़ाई के नाम पर उनके साथ मानसिक और शारीरिक शोषण किया जा रहा है। अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर बैठक कर मामले के समाधान का आश्वासन दिया था। छात्राओं का कहना है कि एक सप्ताह बीतने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शुक्रवार को इसी के विरोध में छात्राएं विद्यालय से पैदल प्रखंड कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












