MS Dhoni Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल MS Dhoni को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। खबर के मुताबिक, धोनी आईपीएल से संन्यास लेने की तैयारी में हैं। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता खत्म नहीं होगा। आईपीएल 2027 से वह टीम में मेंटर की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस नई जिम्मेदारी के जरिए धोनी टीम के युवा खिलाड़ियों को अपने अनुभव और क्रिकेट की समझ से मार्गदर्शन देंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने MS Dhoni के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके बिना CSK की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि साल 2008 में Dhoni को टीम के साथ जोड़ने का फैसला उनके सबसे अच्छे फैसलों में से एक था।
वहीं, रूपा गुरुनाथ ने भी Dhoni को फ्रेंचाइजी की नींव रखने वाला खिलाड़ी बताया। उनके मुताबिक, मेंटर के रूप में धोनी का अनुभव टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा कि धोनी ने सिर्फ टीम को ट्रॉफियां नहीं दिलाईं, बल्कि चेन्नई को अपना घर बनाया और शहर के लोगों के दिलों में खास जगह बनाई।
Dhoni की कप्तानी में CSK ने जीते पांच IPL खिताब
एमएस धोनी का नाम चेन्नई सुपर किंग्स की सफलता के साथ जुड़ा रहा है। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता। इसके अलावा CSK ने दो बार चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी भी अपने नाम की।
Dhoni ने बाद में कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। इसके बाद टीम की कमान पहले रवींद्र जडेजा को सौंपी गई और फिर रुतुराज गायकवाड़ कप्तान बने। फिलहाल टीम की कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ के पास है।
आईपीएल में धोनी के आंकड़े भी उनकी शानदार यात्रा की कहानी बताते हैं। उन्होंने 278 मुकाबलों में 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5,439 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 24 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 84 रन रहा है। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में 264 छक्के भी लगाए हैं।
चोट के कारण पिछले सीजन मैदान से दूर रहे धोनी
धोनी पिछले आईपीएल सीजन में चोट के कारण एक भी मुकाबला नहीं खेल सके थे। उनकी गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली थी। चोट के कारण धोनी टीम के साथ यात्रा भी नहीं कर रहे थे।
धोनी ने अपना आखिरी आईपीएल मुकाबला 25 मई 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में खेला था। हालांकि, इस मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। इससे पहले दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 16 रन बनाए थे।
अब आईपीएल 2027 से मेंटर की भूमिका में धोनी की नई पारी शुरू होने की बात कही जा रही है। ऐसे में मैदान पर उनके बल्ले और विकेट के पीछे उनकी मौजूदगी भले ही देखने को न मिले, लेकिन CSK की रणनीति और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में उनका अनुभव अहम भूमिका निभा सकता है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








