Ranchi: जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर झारखंड की राजनीति और तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि पुलिस घटना के मूल तथ्यों से ध्यान हटाकर मनगढ़ंत कहानी गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जिस व्यापारी नीरज सिंह का नाम इस मामले में सामने लाया जा रहा है, वह घटना के समय अपने प्रतिष्ठान में मौजूद नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि संबंधित बार सरकार से मिले वैध लाइसेंस के तहत संचालित हो रहा था। ऐसे में यदि कोई अनियमितता थी तो प्रशासन ने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब हत्या पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर हुई, तो फिर जांच का फोकस दूसरी दिशा में क्यों ले जाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि हत्या के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
आदित्य साहू ने यह भी आरोप लगाया कि नीरज सिंह और उनके परिवार को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी गलत कार्य का समर्थन नहीं करती, लेकिन निर्दोष लोगों को परेशान करना भी न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि यह घटना राज्य की कानून व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस ने इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








