रांची: राजधानी Ranchi के पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत पिस्का मोड़ स्थित सिटी अस्पताल के पास डार्लिंग आर्केड अपार्टमेंट में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने अपार्टमेंट के प्रथम तल पर स्थित एक फ्लैट को निशाना बनाते हुए घर में रखे जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना उस समय हुई जब परिवार कुछ देर के लिए घर से बाहर गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, घर के सदस्य करीब आधे घंटे के लिए मिठाई लेने बाजार गए थे। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी में रखे जेवरात व नकदी गायब थे। इसके बाद पंडरा ओपी पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रांची के सिटी एसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
घर के मालिक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि तीन चोर उनके घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उनके अनुसार, उनकी पत्नी को शादी में मिले सभी जेवरात चोरी हो गए। इसके अलावा उनकी मां हाल ही में अमरनाथ यात्रा पर गई थीं और उन्होंने भी अपने कीमती सामान घर में रखे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।
वहीं, डॉ. मनोज कुमार की पत्नी निधि गोयल ने बताया कि उनके पिता उमेश कुमार जमशेदपुर से रांची आए हुए थे और उन्हें रात में प्रयागराज के लिए रवाना होना था। इसी वजह से परिवार मिठाई लेने बाजार गया था। जब वे लौटे तो देखा कि घर के जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब थे।
पीड़ित परिवार का कहना है कि वे तीनों चोरों को नहीं पहचानते हैं। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








