Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में कैब से सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। चार दिनों से जारी कैब चालकों की हड़ताल बुधवार को आंशिक रूप से समाप्त हो गई है। चालक यूनियन और Uber तथा Rapido के बीच सहमति बनने के बाद दोनों कंपनियों ने बेस किराए में बढ़ोतरी करने पर सहमति जताई है। हालांकि Ola के साथ अभी अंतिम समझौता नहीं हो पाया है, इसलिए उसके ड्राइवरों का आंदोलन फिलहाल जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें: Share Market में पैसा लगाने वालों के लिए बड़ी खबर, सेंसेक्स ने फिर मारी छलांग
कम दूरी की यात्रा सबसे ज्यादा महंगी
नई दरें लागू होने के बाद सबसे अधिक असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो रोजाना ऑफिस, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या शहर के भीतर कम दूरी की यात्रा के लिए कैब का इस्तेमाल करते हैं। अब कैब बुक करते ही यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक बेस किराया देना होगा, जिसके बाद प्रति किलोमीटर का अलग किराया भी जोड़ा जाएगा।
Ranchi में 4 हजार से अधिक चालक थे हड़ताल पर
राज्य में Ola, Uber और Rapido से जुड़े करीब 13 हजार कैब चालक रविवार से हड़ताल पर थे। इनमें अकेले रांची में लगभग 4 हजार चालक शामिल थे। चालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अमित ओझा ने बताया कि Rapido ने नई दरें तत्काल लागू कर दी हैं, जबकि Uber ने सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद संशोधित किराया लागू करने का भरोसा दिया है।
Uber और Rapido का नया बेस किराया
नई सहमति के बाद कैब सेवाओं का बेस किराया इस प्रकार होगा—
| कैब सेवा | पुराना बेस किराया | नया बेस किराया | बढ़ोतरी |
| Uber Mini | ₹48 | ₹80 | ₹32 |
| Uber Sedan | ₹55 | ₹100 | ₹45 |
| Uber 7 Seater | ₹65 | ₹120 | ₹55 |
| Rapido (छोटी गाड़ी) | ₹50 | ₹100 | ₹50 |
| Rapido Sedan | ₹60 | ₹120 | ₹60 |
कैब चालक यूनियन का कहना है कि लंबे समय से कम बेस किराया मिलने के कारण उनकी आय प्रभावित हो रही थी। ईंधन, वाहन रखरखाव और अन्य खर्च बढ़ने के बावजूद किराए में बदलाव नहीं होने से चालक आर्थिक नुकसान उठा रहे थे। नई दरें लागू होने से उनकी आमदनी में कुछ सुधार होने की उम्मीद है।
Ola से बातचीत अभी जारी
वहीं Ola के साथ अभी अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। कंपनी की ओर से किराए में 10 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी पर विचार करने की बात कही गई है। जब तक अंतिम फैसला नहीं होता, तब तक Ola ड्राइवरों का आंदोलन जारी रहेगा।
यात्रियों पर कितना पड़ेगा असर?
नई दरों के लागू होने के बाद कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में 32 से 60 रुपये तक अधिक बेस किराया देना पड़ सकता है। ऐसे में रोजाना कैब से यात्रा करने वाले लोगों के मासिक यात्रा खर्च में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
ये भी देखें: Khabarmantralive के यूट्यूब चैनल से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








