Dhanbad: धनबाद जिले में गुरुवार दोपहर निरसा थाना परिसर में बड़ा हंगामा देखने को मिला। गोविंदपुर थाना से पूछताछ के लिए लाए गए निरसा क्षेत्र के पांच कुख्यात अपराधियों ने दो पुलिस पदाधिकारियों पर हमला कर पिस्टल छीनने और भागने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस को बम से उड़ाने की धमकी तक दे डाली।
क्या है पूरा मामला
बुधवार देर रात गोविंदपुर थाना पुलिस ने एनएच-19 पर संदिग्ध गतिविधियों के दौरान काले रंग की कार से अभिजीत दास (भालजोरिया), सागर मल्लाह (ईसीएल पिठाकियारी), लखीन्द्र बाउरी (पिठाकियारी), पवन यादव उर्फ मोधा (निरसा खटाल) और संतोष दे (एसबीआई निरसा शाखा के पीछे बस्ती) को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि ये लोग गोविंदपुर क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
गुरुवार को सत्यापन के लिए पांचों को निरसा थाना सौंपा गया, जहां एसआई प्रवीण चौधरी और एसआई मंटू सिंह उनसे पूछताछ कर रहे थे। पूछताछ के दौरान अचानक अपराधियों ने दोनों पर हमला बोल दिया, वर्दी फाड़ दी और पिस्टल छीनने की कोशिश करने लगे।
थाना प्रभारी ने दबोचे आरोपी
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी आरोपियों को काबू कर लिया। हंगामे के दौरान अपराधियों ने पुलिसकर्मियों को बम से उड़ाने की धमकी भी दी। पूरे घटनाक्रम के बाद एसआई प्रवीण चौधरी के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है।
आगे की कार्रवाई
निरसा थाना पुलिस ने पांचों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और साजिश की जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









