Jamshedpur: जमशेदपुर में टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड के पास वैन सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराकर उस पर चढ़ गई। हादसे में वैन में सवार करीब 15 से 17 बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है जिनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
वैन का चैंबर भी फट गया, दो बच्चे गंभीर
बताया जा रहा है कि निजी स्कूल की वैन टेल्को स्टेडियम की ओर से बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी। इसी दौरान वैन डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का चैंबर भी फट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया
स्थानीय लोगों की मदद से वैन में सवार सभी बच्चों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया।
टेल्को थाना प्रभारी एस. प्रसाद के अनुसार, हादसे में दो बच्चे और वैन चालक गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।










