जामताड़ा शहर के कोर्ट मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में समाज के लोग व स्थानीय नागरिक मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि प्रतिमा का एक हाथ तथा हाथ में लगा तीर तोड़ दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीओ, एसडीपीओ समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों को शांत रहने की अपील करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। लोगों का कहना है कि भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी और प्रेरणास्रोत हैं। उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








