Bihar News: रोहिणी आचार्य के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में अब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। उन्होंने एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जताई और विवाद को लेकर कड़ा संदेश दिया।
तेज प्रताप बोले-‘बहन का अपमान सहन नहीं करेंगे’
तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा- “हम किसी भी हालत में अपनी बहन का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। जयचंदों को इस दुर्व्यवहार का परिणाम जरूर चुकाना पड़ेगा।” इसके साथ उन्होंने एक पोस्टर भी साझा किया, जिसमें लिखा है- “रोहिणी दीदी के साथ जो दुर्व्यवहार जयचंदों द्वारा किया गया, उसने दिल को भीतर तक झकझोर दिया है। मेरे साथ जो हुआ, वह मैं सह गया, लेकिन मेरी बहन के साथ अपमान असहनीय है। परिवार पर वार करोगे तो बिहार की जनता तुम्हें कभी माफ नहीं करेगी।”
इंस्टाग्राम पर भी दी थी चेतावनी
तेज प्रताप ने इससे पहले इंस्टाग्राम पर भी एक कड़ा संदेश पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था- “मेरे साथ जो हुआ, वह मैं सह गया। लेकिन मेरी बहन के साथ जो अपमान हुआ, वह किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” साथ ही अपने पिता लालू प्रसाद यादव का जिक्र करते हुए लिखा “पिताजी, बस एक संकेत दीजिए। आपका इशारा मिलते ही बिहार की जनता इन जयचंदों को जमीन में गाड़ देगी।” तेज प्रताप के इन पोस्टों को पार्टी समर्थकों के बीच बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
रोहिणी आचार्य ने खुद किया था बदसलूकी का जिक्र
चुनाव नतीजों के बाद रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर बताया था कि उनके साथ बदसलूकी हुई है। उन्होंने लिखा था कि उन्हें गालियां दी गईं और किडनी दान को लेकर अपमानित किया गया।
रोहिणी ने कहा कि वह सभी शादीशुदा बेटियों को सलाह देंगी कि वे मायके की जिम्मेदारियों में खुद को न झोंकें और अपने बच्चों व परिवार को प्राथमिकता दें।
उन्होंने लिखा “पिता को किडनी देने के बाद आज उसी बात पर ताना सुनना पड़ रहा है, इसलिए ऐसी गलती कोई बेटी न दोहराए।”













