Ranchi: राजधानी रांची के कांके स्थित प्रतिष्ठित संस्थान रिनपास (RINPAS) में अत्याधुनिक डीप ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (DTMS) सेंटर का भव्य उद्घाटन किया गया। राज्य के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्थानीय कांके विधायक सुरेश बैठा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इस सेंटर की शुरुआत की।
इस आधुनिक तकनीक के आने से अब झारखंड के मरीजों को गंभीर डिप्रेशन, ओसीडी (OCD) और अन्य मानसिक विकारों के इलाज के लिए बड़े महानगरों या दूसरे राज्यों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
रिनपास और सीआईपी बनेंगे देश के सर्वश्रेष्ठ मॉडल: डॉ. इरफान अंसारी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भावुक नजर आए। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, “जब मैं पहली बार CIP और रिनपास आया था, तो यहाँ की स्थिति देखकर काफी चिंता हुई थी। लेकिन आज यहाँ हुए सकारात्मक बदलावों को देखकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है।” उन्होंने संकल्प जताया कि हेमंत सरकार झारखंड को मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का सबसे बेहतरीन मॉडल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
डिजिटल लत और बच्चों के मानसिक तनाव पर जताई चिंता
बदलते दौर में बच्चों की जीवनशैली पर बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने अभिभावकों से एक खास अपील की। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चे डिजिटल लत और मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं। माता-पिता को बच्चों पर पढ़ाई या करियर का अनावश्यक दबाव बनाने से बचना चाहिए और मोबाइल फोन का उपयोग सीमित करना चाहिए।
भविष्य की तैयारी: BMI और BCI तकनीक से आएगी क्रांति
डॉ. अंसारी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए कहा कि झारखंड सरकार केवल यहीं नहीं रुकने वाली है। राज्य अब ब्रेन-मशीन इंटरफेस (BMI) और ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस (BCI) जैसी भविष्यवादी तकनीकों को अपनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह तकनीक आने वाले समय में न्यूरो और मानसिक स्वास्थ्य के इलाज में मील का पत्थर साबित होगी।
Read More- कोडरमा में दर्दनाक सड़क हादसा-पेड़ से टकराई कार, चालक समेत तीन गंभीर
विधायक सुरेश बैठा ने की मंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व की तारीफ
कार्यक्रम के दौरान कांके विधायक श्री सुरेश बैठा ने स्वास्थ्य मंत्री की सक्रियता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी की सकारात्मक सोच और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही आज रिनपास और सीआईपी जैसे संस्थानों का कायाकल्प हो रहा है, जो पहले कभी नहीं देखा गया था।
Read More- राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस, JMM और RJD ने तय किए पोलिंग और काउंटिंग एजेंट, मतदान दिवस की रणनीति तैयार
इस ऐतिहासिक अवसर पर लोयोला क्लब की गवर्नर सुश्री नम्रता जी, रिनपास और सीआईपी के वरिष्ठ डॉक्टर, अधिकारीगण और भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने एक सुर में कहा- “स्वस्थ झारखंड, सशक्त झारखंड-यही हमारा संकल्प है।”

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









