Koderma: कोडरमा जिले के चितरपुर गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। इस विवाद में कोडरमा विधायक नीरा यादव के निजी चालक की मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला और कथित आरोपी के घर में आग लगा दी गई। आगजनी की इस घटना में घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस, एम्बुलेंस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। हालांकि आग बुझाने पहुंची दमकल टीम का भी कुछ लोगों ने विरोध किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
हत्या के बाद रांची-पटना मुख्य मार्ग दो घंटे जाम
बुधवार सुबह मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोडरमा थाना के पास शव रखकर रांची-पटना मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। बाद में पुलिस द्वारा चार लोगों को हिरासत में लेने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन देने के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ।
Read More- NEET Suicide Case: सॉरी मम्मी-पापा मैं डॉक्टर नहीं बन पाई-नीट छात्रा की मौत के बाद सुसाइड नोट वायरल
विधायक नीरा यादव ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब विधायक नीरा यादव ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। विधायक का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले मृतक की मां के साथ जमीन विवाद को लेकर गंभीर घटना हुई थी, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। उनका दावा है कि समय रहते कार्रवाई होती तो यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। यह घटना एक बार फिर जमीन विवाद से जुड़े मामलों और समय पर प्रशासनिक हस्तक्षेप की आवश्यकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
Read More- प्रेमी बना रिश्ते में रोड़ा, प्रेमिका ने मंगेतर संग मिलकर उतारा मौत के घाट-जाने क्या है पूरा मामला

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









