Palamu: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इटहे गांव के रहने वाले युवक की इसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अखलाक आलम के रुप में हुई है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अखलाक की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
घर जमाई’ बनकर रहता था अखलाक
मिली जानकारी के मुताबिक अखलाक आलम की शादी करीब एक वर्ष पहले फरजाना खातून से हुई थी। शादी के बाद से ही वह अपने पैतृक गांव से महज दो किलोमीटर दूर अपने ससुराल में घर जमाई बनकर रह रहा था।
मृतक के भाई सहज्जाद आलम और नौशाद आलम ने बताया कि गुरुवार की रात ससुराल पक्ष की तरफ से उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। रात करीब आठ बजे स्थानीय ग्रामीणों ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि अखलाक ने फांसी लगा ली है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने न तो घटना की सही जानकारी दी और न ही यह बताया कि उसे किस अस्पताल ले जाया गया है।
ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
मृतक के भाई नौशाद ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि अखलाक सैट्रिंग (Centering) का काम करता था। उसने अपनी कड़ी मेहनत की कमाई का एक बड़ा हिस्सा अपने ससुराल वालों को दिया था। पिछले कुछ समय से उसी पैसे को वापस मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों का सीधा आरोप है कि ससुर, सास, साला और पत्नी ने मिलकर पैसे हड़पने के लिए अखलाक की हत्या कर दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आ रही है, जिसके बाद युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच के बाद ही सच सामने आएगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








