Jharkhand News: नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को गुमला के सर्किट हाउस में कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की आयोजित महत्वपूर्ण बैठक आटयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री, झारखण्ड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि आगामी नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी केवल और केवल विकास, पारदर्शिता और जनहित के आधार पर चुनाव लड़ेगी.
तिर्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बार नगर निकाय चुनाव को पूरी गंभीरता के साथ लड़ने जा रही है और पार्टी आलाकमान के निर्देश पर हर स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है ताकि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जा सके.
तिर्की ने कहा कि योग्य और मजबूत प्रत्याशियों का चयन कर कांग्रेस चुनाव में उतरेगी. गुमला के जिला कांग्रेस प्रभारी तिर्की ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करने का अवसर होता है और कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता के मुद्दों के साथ खड़ी रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ काम करें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनायें.
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि सभी को एकजुट होकर कांग्रेस की नीति एवं विचारधारा को लोगों के समक्ष मुखरता के साथ रखना चाहिये.
Jharkhand News: चुनावी रणनीति सहित कई मुद्दों पर हुई चर्चा
इस बैठक में पार्टी की भावी चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में मुख्य रूप से जिला प्रभारी सह प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की के अलावा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए जिसमें दीपनारायण उरांव, रमेश कुमार चीनी, चैतू उरांव, अकिल रहमान, आफताब आलम लाडले, जय सिंह, भुवनेश्वर राम, लोहरा उरांव, साहेब वसीम, आजाद अंसारी, चंद्र किशोर केरकेट्टा, मुरली मनोहर प्रसाद, आशिक अंसारी, मीना टोप्पो, मनीष कुमार, रूपेश कुमार सन्नी, रफी अली और आरिफ हुसैन प्रमुख रूप से मौजूद थे. बैठक में सभी ने अपने-अपने सुझाव रखे और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर गंभीर विचार किया गया और यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस, नगर परिषद की सभी 22 वार्डों में अपना प्रत्याशी उतारेगी. इसके साथ ही नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भी पार्टी की ओर से मजबूत दावेदारी पेश की जायेगी. इस उद्देश्य से पार्टी ने चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं और कार्यकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित करने का फैसला लिया और कहा गया कि इच्छुक उम्मीदवार 18 जनवरी तक अपना आवेदन जिला अध्यक्ष को सौंप सकते हैं. सभी आवेदनों पर राजनीतिक मामलों की समिति चर्चा करेगी. उसके बाद प्रदेश स्तर पर स्क्रीनिंग किया जायेगा.
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाये रखने और संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए चुनावी तैयारियों में जुट जाने की अपील की.

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









