Koderma: कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया से एक बेहद अनोखी और मानवीय कहानी सामने आई है। यहाँ मंगलवार की रात को राजगढ़िया रोड पर एक गर्भवती महिला को अस्पताल जाने के दौरान अचानक तेज प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हो गई।
स्थिति इतनी आपातकालीन हो गई कि महिला को अस्पताल पहुंचने का समय भी नहीं मिला और उसने चलती टोटो (ई-रिक्शा) में ही जुड़वा बच्चों (ट्विंस) को जन्म दे दिया। चलती गाड़ी में दो मासूमों की सुरक्षित डिलीवरी की यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
नर्स ने दिखाई गजब की तत्परता
जिस वक्त महिला दर्द से तड़प रही थी, उसी रास्ते से गुजर रही एएनएम (ANM) प्रियंका कुमारी की नजर उस पर पड़ी। प्रियंका ने बिना एक पल गंवाए तत्काल मोर्चा संभाला और टोटो के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया।
उन्होंने न सिर्फ बच्चों को दुनिया में सुरक्षित लाया, बल्कि जच्चा-बच्चा दोनों को जरूरी प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता भी उपलब्ध कराई। एएनएम की इस सूझबूझ के कारण ही एक बड़ा खतरा टल गया।
चालक ने दिखाया धैर्य, जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
इस पूरी घटना के दौरान टोटो चालक ने भी गजब के धैर्य और संवेदनशीलता का परिचय दिया, जिससे प्रसव के दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई। राहत की बात यह है कि मां और दोनों नवजात शिशु पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित हैं।
बच्चों के जन्म के बाद तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर तीनों को सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया। स्थानीय लोग एएनएम प्रियंका और टोटो चालक को इस नेक काम के लिए ‘मसीहा’ और ‘रियल हीरो’ बता रहे हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









