Ranchi: राजधानी रांची में बच्चों के अचानक गायब होने के बढ़ते मामले अब आम जनता और प्रशासन के लिए गहरी चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ताजा मामला धुर्वा थाना क्षेत्र का है, जहां शालीमार बाजार इलाके से दो सगे जुड़वां भाई पिछले चार दिनों से लापता हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर हर मुमकिन जगह खाक छानी, लेकिन जब बच्चों का कुछ पता नहीं चला, तो थक-हारकर पुलिस की शरण ली है।
1 जून की दोपहर से गायब हैं ‘करण और अर्जुन’
लापता बच्चों की पहचान 12 वर्षीय करण शर्मा और अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो आपस में जुड़वां भाई हैं। उनके पिता का नाम विकास शर्मा है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों मासूम बच्चे 1 जून 2026 की दोपहर करीब 2 बजे सामान्य रूप से घर से बाहर निकले थे। लेकिन उसके बाद वे वापस नहीं लौटे। चार दिन का लंबा वक्त बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग न मिलना किसी बड़ी अनहोनी की ओर भी इशारा कर रहा है, जिससे परिवार की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।
बेबस मां ने थाने में दर्ज कराया सनहा, बयां किया दर्द
बच्चों की मां डोली देवी ने इस मामले को लेकर धुर्वा थाने में एक लिखित सनहा (Missing Report) दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि अमूमन बच्चे पहले भी कभी-कभी बिना बताए घर से बाहर चले जाते थे, लेकिन एक या दो दिन के भीतर वे खुद-ब-खुद सुरक्षित लौट आते थे। मगर इस बार स्थिति पूरी तरह अलग और डराने वाली है। चार दिन बीतने के बावजूद बच्चों का न तो कोई पता चला है और न ही उनसे किसी भी तरह का संपर्क हो पा रहा है।
रिश्तेदारों से लेकर हर संभावित जगह तलाश: पीड़ित मां और परिजनों ने अपने सभी सगे-संबंधियों, दोस्तों और आसपास के मोहल्लों में बच्चों की सरगर्मी से तलाश की, लेकिन हर तरफ से सिर्फ निराशा ही हाथ लगी है।
Read More- कोडरमा में वन विभाग की रेड से मचा हड़कंप, अवैध ढिबरा लदा टेंपो जब्त
अलर्ट मोड पर पुलिस: आम जनता से भी मदद की अपील
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए धुर्वा थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। सनहा दर्ज कर पुलिस की अलग-अलग टीमें बच्चों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी और पूछताछ कर रही हैं। इसके साथ ही शालीमार बाजार और आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
Read More- कोडरमा विधायक नीरा यादव के निजी चालक की हत्या के बाद उबाल-ग्रामीणों ने आरोपी का घर फूंका
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि इन दोनों बच्चों के हुलिये से मिलता-जुलता कोई भी लड़का दिखाई दे, तो तुरंत धुर्वा थाना या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि दो मासूमों को उनकी मां की गोद में सकुशल वापस पहुंचाया जा सके।
Read More- NEET Suicide Case: सॉरी मम्मी-पापा मैं डॉक्टर नहीं बन पाई-नीट छात्रा की मौत के बाद सुसाइड नोट वायरल

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









