Jharkhand: इंस्पेक्टरों की DSP पद पर प्रोन्नति की तैयारी तेज, गृह विभाग ने DGP से मांगी रिपोर्ट
Jharkhand News: झारखंड सरकार ने पुलिस निरीक्षकों को DSP पद पर प्रोन्नति देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। गृह विभाग ने DGP से 25 रिक्त पदों के लिए आवश्यक दस्तावेज और प्रतिवेदन जल्द उपलब्ध कराने को कहा है। जानिए किस श्रेणी में कितनी रिक्तियां हैं।
Jharkhand:झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रोन्नति प्रक्रिया को गति दे दी है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस निरीक्षकों (Inspector) को उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के पद पर पदोन्नत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग ने पुलिस मुख्यालय से 25 रिक्त पदों के लिए आवश्यक प्रतिवेदन, सेवा अभिलेख (Service Records) और अन्य जरूरी दस्तावेज जल्द उपलब्ध कराने को कहा है। इस संबंध में गृह विभाग के अवर सचिव अजीत कुमार सिंह की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।
19 से बढ़कर 25 हुईं DSP पदों की रिक्तियां
गृह विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पहले राज्य पुलिस सेवा में डीएसपी के 19 मूल कोटि पदों पर प्रोन्नति के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। अब रिक्त पदों की संख्या बढ़ाकर 25 कर दी गई है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा आरक्षण रोस्टर के अनुमोदन के बाद इन पदों का वर्गवार विवरण भी तय कर दिया गया है।
गृह विभाग ने झारखंड राज्य पुलिस सेवा नियमावली और कार्मिक विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रोन्नति के दायरे में आने वाले पुलिस निरीक्षकों, परिचारी प्रवरों एवं प्रारक्ष निरीक्षकों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा संबंधित अधिकारियों के सर्विस रिकॉर्ड, गोपनीय अभिलेख और अन्य आवश्यक दस्तावेज डिजिटल एवं मैनुअल दोनों प्रारूपों में जल्द से जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।