मकर द्वार पर राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन
संसद भवन के मकर द्वार पर हुए प्रदर्शन में झारखंड NDA के साथ ओडिशा के सांसद भी शामिल हुए। सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी से झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर जवाब मांगा। तख्तियों पर “झारखंड में छात्रों पर हुई लाठीचार्ज पर राहुल गांधी जवाब दो”, “छात्रों पर हुई अमानवीयता पर राहुल गांधी जवाब दो” और “छात्रों पर हुए अन्याय पर राहुल गांधी जवाब दो” जैसे नारे लिखे थे।आदित्य साहू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ बार-बार पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से छात्रों से बातचीत किए जाने के बावजूद उनकी मांगों को लेकर राज्य सरकार पर कोई प्रभावी दबाव नहीं बनाया गया। साहू ने कहा कि झारखंड के छात्र पिछले कई वर्षों में हुई भर्ती परीक्षाओं की जांच की मांग कर रहे हैं। इनमें JPSC, JSSC, CGL और उत्पाद सिपाही समेत अन्य परीक्षाएं शामिल हैं। भाजपा नेता ने कहा कि छात्रों की मांग है कि इन परीक्षाओं की CBI जांच कराई जाए। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस छात्रों की मांगों को जायज मानती है तो उसे हेमंत सोरेन सरकार पर दबाव बनाना चाहिए। आदित्य साहू ने कहा कि राहुल गांधी को राज्य सरकार से स्पष्ट तौर पर कहना चाहिए कि छात्रों की मांगें पूरी की जाएं, अन्यथा कांग्रेस को सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए।आंदोलन स्थल पर बिजली काटने का भी आरोप
आदित्य साहू ने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित आंदोलन स्थल का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आधी रात को डीसी और एसएसपी समेत भारी पुलिस बल आंदोलन स्थल पहुंचा और छात्रों की बिजली काटकर उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया गया। साहू ने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को रात के अंधेरे में दबाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं के धरना स्थल पर पहुंचने के बाद प्रशासन पीछे हट गया। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन या राज्य सरकार की ओर से इस खबर के लिखे जाने तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।“छात्रों की आवाज लाठी से नहीं दबेगी”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के साथ किसी भी तरह की ज्यादती हुई तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकार और न्याय की लड़ाई में भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को पुलिस कार्रवाई या दबाव के जरिए नहीं दबाया जा सकता। आदित्य साहू ने दावा किया कि NDA झारखंड के छात्रों के मुद्दे को संसद के अंदर और बाहर लगातार उठाता रहेगा।प्रदर्शन में ये सांसद रहे मौजूद
प्रदर्शन में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, बीडी राम, डॉ. प्रदीप वर्मा, चंद्रप्रकाश चौधरी, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह समेत अन्य सांसद मौजूद रहे। ओडिशा के NDA सांसदों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।
विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









