Dhanbad: धनबाद जिले के कतरास लिलोरी स्थान शाखाटांड़ रेलवे फाटक के समीप बुधवार अप्राहन सड़क हादसे में साइकिल सवार पेपर हॉकर की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दैनिक समाचार पत्र बांटकर घर लौट रहे हॉकर को न केवल रौंदा, बल्कि कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे में चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो जाने से पीड़ित ने मौके के आसपास ही दम तोड़ दिया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ढांगी बस्ती निवासी आनंद महतो के रूप में हुई है। वे रोजाना की तरह अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह से बाधित कर दिया
घटना की खबर गांव पहुंचते ही आक्रोश की लहर दौड़ गई। सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी के नेतृत्व में ढांगी बस्ती के 300 से अधिक ग्रामीणों ने शाखाटांड़ रेलवे फाटक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह से बाधित कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों ठप्प रहा। हादसे और चक्का जाम की सूचना मिलते ही बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कू तथा कतरास थाना पुलिस बल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने तथा फरार/दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका।कुछ समय पहले ही बड़े भाई की भी हुई थी मौत
मृतक आनंद महतो अपने पीछे दो नाबालिग बेटों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। इस हादसे ने परिवार के पुराने जख्मों को भी हरा कर दिया है; सूत्रों के अनुसार कुछ समय पूर्व ही आनंद के बड़े भाई की भी कतरास थाना क्षेत्र के कांको मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में असमय मौत हो गई थी। एक ही परिवार में लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से पूरे ढांगी बस्ती में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें
संबंधित ताज़ा ख़बरें
झारखंड मुख्य समाचार एवं विशेष रिपोर्ट
Special Report
खबर मन्त्र एक्सक्लूसिव पड़ताल एवं विश्लेषण
Exclusive
ताजा प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय अपडेट्स
Top Video










