Ranchi: रांची स्थित झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों एवं आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस मौके पर केशव महतो कमलेश ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत का दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा था। उनके अनुसार, विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में राजीव गांधी की पहल ने देश में बदलाव की नींव मजबूत की।
मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष करने का निर्णय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के लिए मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष करने का निर्णय लिया। उन्होंने कंप्यूटर और दूरसंचार के विस्तार को भी देश के भविष्य से जोड़ा।
कमलेश ने पंचायती राज को मजबूत करने की राजीव गांधी की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका मानना था कि देश की ताकत गांवों में है। विकास का लाभ गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं तक पहुंचना चाहिए।
राजीव गांधी की सोच आज भी प्रासंगिक है
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक असमानता और सामाजिक सद्भाव जैसे मुद्दों के बीच राजीव गांधी की सोच आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए काम करने तथा राजीव गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, ज्योति सिंह मथारू, कुमार गौरव, रमा खलखो, राजन वर्मा, डॉ. एम. तौसीफ समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.