Koderma: कोडरमा बाजार के पास जयनगर रोड स्थित रेलवे ब्रिज पर बुधवार सुबह युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव न्यू गिरिडीह रेल लाइन के ट्रैक पर पड़ा था। सुबह टहलने के लिए ब्रिज की ओर गए कुछ स्थानीय लोगों ने शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
आरपीएफ ने कोडरमा पुलिस को सूचना दी
स्थानीय लोगों ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाया। इसके बाद कोडरमा आरपीएफ को घटना की जानकारी दी गई। आरपीएफ ने कोडरमा पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा था युवक
जांच के दौरान मृतक की पहचान नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र निवासी मुन्ना कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, मुन्ना कुमार का ससुराल कोडरमा थाना क्षेत्र के चंद्रोडीह में है। वह घटनास्थल के आसपास ही किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा था।
शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मुन्ना कुमार रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा। घटना से पहले वह कहां गया था और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक के ट्रेन की चपेट में आने की आशंका है। हालांकि यह दुर्घटना थी या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









