Ranchi: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो नाबालिग किशोरों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियो के पास से हथियार और स्मार्टफोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास कार्रवाई कर हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा को पकड़ा गया। उसके पास से 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और KF 7.65 अंकित एक जिंदा गोली बरामद की गई।
युवक पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
मामला कांके के ममरू गांव निवासी बबलू नायक की शिकायत से जुड़ा है। बबलू नायक ने थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि हेमंत मुंडा ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन शुरू किया।
दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा गया
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान हेमंत के साथ दो किशोर भी मौजूद थे। दोनों के पास से दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हेमंत मुंडा को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने के पीछे वजह क्या थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








