Ranchi: फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 को बुधवार, 14 अक्टूबर को हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान को सुबह करीब 9:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान से कुछ सेकेंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड का सिग्नल मिला था। इसे हाईजैक की स्थिति में इस्तेमाल किया जाता है।
लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन-बे में भेजा गया
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे मिले इस सिग्नल के बाद संबंधित अधिकारियों ने जयपुर ATC को सूचित किया। इसके करीब 10 मिनट बाद विमान का रूट बदलकर जयपुर कर दिया गया। लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन-बे में भेजा गया, जहां सुरक्षा जांच की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हाईजैक अलर्ट गलती से जनरेट हुआ हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लिया है और दिल्ली में NSG कमांडो टीम को स्टैंडबाय पर रखा गया है। टीम के जयपुर पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है।
फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी, दिल्ली में लैंड होना था
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान ने 13 अक्टूबर की रात 9:45 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। इसे 14 अक्टूबर की सुबह 10:40 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन अलर्ट के बाद इसे जयपुर उतारना पड़ा।
गौरतलब है कि 30 सितंबर को इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान से भी स्क्वाक-7500 कोड भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल एयर इंडिया की फ्लाइट से जुड़े मामले में जांच के आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








