Dhanbad: छठ महापर्व को लेकर शनिवार को गोविंदपुर में जीटी रोड पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। सड़क पर भीषण जाम लगने से छठ में अपने घरों को लौट रहे लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम के कारण जीटी रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई।
पिछले दो दिनों की तुलना में शनिवार को जीटी रोड पर वाहनों की संख्या काफी अधिक थी। वहीं, छठ महापर्व को लेकर गोविंदपुर बाजार में खरीदारों की भीड़ भी उमड़ी थी। इसी बीच गोविंदपुर बाजार क्षेत्र में एलिवेटेड सड़क निर्माण कंपनी की ओर से पिलर के ऊपर पियर कैप का काम करने के लिए घेराबंदी का दायरा बढ़ा दिया गया था। इससे सड़क पर आवागमन की जगह और कम हो गई तथा जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
जीटी रोड को जाम से मुक्त कराने के लिए पुलिस सड़क पर उतरी
मामले को लेकर पुलिस इंस्पेक्टर के निर्देश पर निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि छठ महापर्व के बाद घेराबंदी का दायरा बढ़ाकर पियर कैप का काम किया जाएगा, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इधर, जीटी रोड को जाम से मुक्त कराने के लिए पुलिस सड़क पर उतरी और यातायात नियंत्रित करने का प्रयास किया। कोलकाता लेन में आवागमन कुछ सामान्य हुआ तो दिल्ली लेन में वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जीटी रोड पर जाम का सीधा असर गोविंदपुर के छठ बाजार पर भी पड़ा। सड़क के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में लोगों को काफी परेशानी हुई। जाम से बचने के लिए दूर-दराज से आने वाले कई लोगों ने अपने आसपास के बाजारों से ही खरीदारी करना बेहतर समझा। यही वजह रही कि छठ महापर्व के दौरान गोविंदपुर बाजार में आमतौर पर दिखने वाली रौनक और चहल-पहल शनिवार को अपेक्षाकृत कम रही।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








