Ranchi: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में हुए मिथिलेश कुमार हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह 18 लाख रुपये के उधार लेन-देन का विवाद सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है।
सिर में गोली मारकर की गई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 18 और 19 नवंबर की दरम्यानी रात इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में मिथिलेश कुमार को उनके घर के पास सिर में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें रिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी ने कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू और विवेक कुमार उर्फ छोटू (दोनों धुर्वा), आयुष कुमार सिंह और नितिन गुप्ता (हरमू), राहुल कुमार (न्यू मधुकम) तथा रोहित सिंह उर्फ देवा (न्यू विद्यानगर) शामिल हैं।
11 मोबाइल फोन, बिना नंबर की काली फॉर्च्यूनर समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, बिना नंबर की काली फॉर्च्यूनर, सफेद आई-20 कार (JH01DT8606), काली स्कूटी (JH01DQ9573) और घटनास्थल से मिला एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आयुष के खिलाफ लालपुर और कोतवाली थानों में पहले से मामले दर्ज हैं, जबकि नितिन पर सुखदेवनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या में अन्य लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









