Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अपनी बीमार नवजात बेटी को देखने सदर अस्पताल चाईबासा जा रहे सूरज विरुआ की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। हादसा शुक्रवार देर शाम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुईवीर पंचायत भवन के पास हुआ।
बेटी अस्पताल में भर्ती थी, पिता रास्ते में हादसे का शिकार
सूरज मंझारी प्रखंड के सेरेनगडीह गांव के रहने वाले थे। वह गुजरात में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वर्ष 2022 में उनकी शादी हुई थी और दो दिन पहले ही वह दूसरी बार पिता बने थे। उनकी नवजात बेटी की तबीयत खराब होने के कारण उसे चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेटी को देखने की बेचैनी में सूरज अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
परिजनों को रास्ते में मिली क्षतिग्रस्त स्कूटी
हादसे के बाद सूरज के परिजन भी अस्पताल से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें उनकी क्षतिग्रस्त स्कूटी दिखाई दी। स्कूटी पहचानते ही उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी ली। इसके बाद हादसे का पता चला।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सूरज को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सड़क पर खड़े ट्रेलर को लेकर उठे सवाल
परिजनों ने ट्रेलर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क के मोड़ पर ट्रेलर बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ा था। यदि वाहन में तकनीकी खराबी थी, तो उसके पीछे इंडिकेटर या अन्य सुरक्षा संकेत लगाए जाने चाहिए थे।
इस हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। जिस घर में दो दिन पहले नवजात के आने की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









