Ranchi: अखिल झारखंड छात्र संघ (AJSU) ने आगामी स्थापना दिवस सह आक्रोश मार्च को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को रांची स्थित प्रधान कार्यालय में आयोजित संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो तथा वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव ने संयुक्त रूप से की। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार स्थापना दिवस सह आक्रोश मार्च को व्यापक और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा।
बैठक में नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के छात्रों और युवाओं से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। विशेष रूप से शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, छात्र हितों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
संगठन ने रांची जिला, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय इकाइयों को कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए आजसू नेताओं ने कहा कि स्थापना दिवस संगठन के संघर्ष, गौरवशाली इतिहास और जनसेवा की परंपरा को याद करने का अवसर है, जबकि आक्रोश मार्च के जरिए छात्रों और आम जनता की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, प्रदेश सचिव राजेश सिंह, प्रशांत महतो, अंजू तिर्की, अनुष्का सिन्हा, जिला अध्यक्ष राजकिशोर महतो, महानगर अध्यक्ष अमन साहू सहित संगठन के कई पदाधिकारी और छात्र नेता मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








