Ranchi News: AJSU पार्टी के अनुषंगी संगठन अखिल झारखंड महिला संघ की ओर से आगामी 4 जुलाई को राजधानी रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। इस अधिवेशन में झारखंड की सभी पंचायतों से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना तथा भविष्य की रणनीति तय करना है।
प्रेस वार्ता में दी गई कार्यक्रम की जानकारी
इस संबंध में हरमू स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला अधिवेशन की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। प्रेस वार्ता में पार्टी की केंद्रीय महासचिव एवं रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय महासचिव पार्वती देवी, केंद्रीय सचिव वीणा चौधरी, फूलकुमारी देवी, महिला जिलाध्यक्ष वीणा देवी और सबिता देवी मौजूद रहीं।
निर्मला भगत ने बताया कि यह अधिवेशन महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ आने वाले समय के लिए संगठन की दिशा तय करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
सुदेश महतो करेंगे अधिवेशन का उद्घाटन
कार्यक्रम का पहला सत्र सुबह आयोजित होगा, जिसमें झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो अधिवेशन का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की जाएगी।
पहले सत्र में राज्य के सभी 24 जिलों से आए प्रखंड स्तर के प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।
दूसरे सत्र में पंचायत स्तर की महिलाओं की होगी भागीदारी
अधिवेशन का दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। इस ओपन सत्र में पंचायत स्तर तक की महिला कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान पहले सत्र में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की सार्वजनिक घोषणा की जाएगी। साथ ही नव-चयनित पदाधिकारियों के नामों का ऐलान किया जाएगा और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की आधिकारिक जानकारी भी साझा की जाएगी।
संगठन विस्तार पर रहेगा विशेष जोर
AJSU पार्टी का यह महिला अधिवेशन संगठन विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का प्रयास है कि पंचायत स्तर तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाई जाए और उन्हें संगठन में अधिक जिम्मेदारियां दी जाएं। इसी उद्देश्य से राज्यभर से महिला प्रतिनिधियों को अधिवेशन में आमंत्रित किया गया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











