Ranchi: झारखंड में JPSC, JSSC CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी तथा पेपर लीक के आरोपों को लेकर भाजपा के झारखंड से जुड़े सभी सांसदों ने बुधवार को दिल्ली के मकर द्वार के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने कांग्रेस पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया और भर्ती से जुड़े सभी मामलों की CBI जांच कराने की मांग दोहराई।
कांग्रेस का छात्रों के लिए दिल्ली में प्रदर्शन, झारखंड के मुद्दों पर मौन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर मुखर रहती है, लेकिन झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में सामने आए विवादों पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि JPSC, JSSC CGL सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामलों पर कांग्रेस को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग
आदित्य साहू ने उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान 19 अभ्यर्थियों की मौत का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को झारखंड जाकर इन मुद्दों पर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में हुई भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की जांच CBI से कराई जानी चाहिए ताकि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। उन्होंने राज्य सरकार की CID जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे निष्पक्ष परिणाम आने की संभावना नहीं है।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई
प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने झारखंड सरकार और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में राहुल गांधी, हेमंत सोरेन और कांग्रेस से जुड़े विभिन्न राजनीतिक मुद्दों को लेकर भी नारे लगाए गए। पार्टी ने युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इस प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल भी शामिल रहे। भाजपा ने कहा कि वह झारखंड में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को आगे भी प्रमुखता से उठाती रहेगी।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.