Dhanbad: धनबाद जिले के मनियाडीह थाना क्षेत्र स्थित नवादा जंगल से शनिवार को एक अज्ञात युवक का खून से सना शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। शव की हालत देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंचकर मामले का छानबीन में जुट गई।
मशरूम चुनने ग्रामीणों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण मशरूम चुनने के लिए नवादा जंगल गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल के भीतर पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। शव पूरी तरह खून से लथपथ था। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय मुखिया इंद्रलाल बास्की को सूचना दी, जिन्होंने मनियाडीह थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अकबर खान, इंस्पेक्टर साजिद हुसैन और टुंडी डीएसपी नाजिर अख्तर भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या की आशंका है। अधिकारियों का मानना है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को घने जंगल में लाकर फेंक दिया गया। शव पर कई चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं।
हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने, घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और अपराधियों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों की जांच कर रही है।









