Giridih: गिरिडीह में सेंट्रल GST विभाग में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने धनबाद टीम के साथ कार्रवाई करते हुए सेंट्रल GST कार्यालय के सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अधिकारियों पर एक कारोबारी से केस सेटलमेंट के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
95 लाख रुपये का GST टैक्स नोटिस
मामले की शुरुआत बिरनी प्रखंड के खाखीपीपर निवासी राजू अंसारी की शिकायत से हुई। राजू को 95 लाख रुपये का GST टैक्स नोटिस भेजा गया था। लगातार तीन नोटिस मिलने के बाद उन्हें धोखाधड़ी का संदेह हुआ। जब उन्होंने विभाग से संपर्क किया तो आरोप है कि अधिकारियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट ने मिलकर मामले को निपटाने के लिए 90 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
पीड़ित ने इसकी शिकायत सीधे सीबीआई धनबाद कार्यालय में की। इसके बाद सीबीआई ने ट्रैप बिछाया। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 65 हजार रुपये तय हुई। बुधवार को राजू अंसारी 50 हजार रुपये लेकर GST कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने सीधे पैसे लेने से बचते हुए रकम दूसरे व्यक्ति के जरिए सुपरिटेंडेंट के घर मंगवाई।
गिरिडीह GST विभाग में हड़कंप
सीबीआई टीम ने करीब 13 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान केमिकल लगे नोट बरामद किए गए। जांच में रिश्वत लेने की पुष्टि होने के बाद दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद गिरिडीह GST विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
=









