Khunti: खूंटी जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। शुक्रवार देर रात रांची-खूंटी मुख्य मार्ग पर स्थित पुष्पा फ्यूल सेंटर में तीन अपराधियों ने गोलीबारी की। इस दौरान पेट्रोल पंप के केबिन में काम कर रहे कर्मचारी अमित कुमार (25) को गोली लग गई। गोली उनके पैर में लगी है। वारदात के बाद अपराधी काउंटर पर एक पर्चा छोड़कर रांची की ओर फरार हो गए।
घटना गुटजोरा पंचायत के जियारप्पा सीमा क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी हुटार की ओर से पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इसके बाद वे सीधे केबिन में घुस गए। वहां घाघरा गांव निवासी अमित कुमार काम कर रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमित घायल हो गए।
काउंटर पर पर्चा छोड़कर फरार हुए अपराधी
गोलीबारी के बाद अपराधियों ने पेट्रोल पंप के काउंटर पर एक पर्चा छोड़ा और रांची की दिशा में भाग निकले। बताया जा रहा है कि पर्चे में एक संगठन का नाम और सहयोग से जुड़ी बातें लिखी हैं। हालांकि, इसकी सत्यता की पुलिस जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से तीन खोखे और पर्चा बरामद किया गया है। पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं।
Read More- Breaking News: रांची के कोकर में युवक तनवीर की गोली मारकर हत्या, दोस्त शाहरुख गिरफ्तार
खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंशी साव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, खोखे और बरामद पर्चे के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Read More- कोडरमा में नकली घी बनाने के ठिकाने पर छापा, डालडा और गाय के टैग वाले डिब्बे बरामद

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









