Ranchi: झारखंड में परिवहन विभाग से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि ट्रेजरी स्कैम और फर्जी बैंक गारंटी जैसे मामलों पर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है, वहीं अब परिवहन विभाग में भी नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आ रहे हैं।
अनुबंध खत्म होने के बाद भी काम जारी
बाबूलाल ने सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि जो जानकारी मिल रही है उसके अनुसार झारखंड में ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी कार्ड की प्रिंटिंग का कार्य करने वाली गुड़गांव की रोजमार्टा कंपनी के साथ राज्य सरकार का अनुबंध 22 फरवरी 2026 को समाप्त हो गया था।
इसके बाद केवल 22 मार्च 2026 तक का विस्तार दिया गया। इसके बावजूद पिछले लगभग तीन महीनों से बिना किसी वैध अनुबंध और बिना अधिकृत एक्सटेंशन के वही कंपनी कार्य कर रही है, और परिवहन विभाग द्वारा उसे करोड़ों रुपये का भुगतान भी किया जा रहा है।
मरांडी ने पूछा है कि आखिर किस नियम के तहत बिना वैध अनुबंध के भुगतान किए जा रहे हैं? इसकी अनुमति किस अधिकारी ने दी? क्या वित्त विभाग को इसकी जानकारी है? क्या सक्षम प्राधिकारी या कैबिनेट से इसकी स्वीकृति ली गई थी, या फिर सब कुछ पर्दे के पीछे तय किया गया?
Read More- कोडरमा में रेलवे ट्रैक पर IDFC बैंककर्मी का शव मिलने से मची सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
मुख्यमंत्री को इस मामले में जवाब देना चाहिए
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस मामले में जवाब देना चाहिए कि यदि किसी आम ठेकेदार का अनुबंध समाप्त हो जाए, तो क्या उसे एक दिन भी बिना एग्रीमेंट के सरकारी कार्य करने दिया जाएगा? यदि नहीं, तो रोजमार्टा कंपनी के लिए अलग नियम क्यों? उसे यह विशेष संरक्षण किसके इशारे पर मिल रहा है?
Read More- Breaking News: दूसरे समन के बाद पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव बेटे रोहित संग ईडी कार्यालय पहुंचे
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता जानना चाहती है कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी कौन लेगा। क्या सरकार इस प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करेगी, या फिर इस मामले में भी ट्रेजरी स्कैम की तरह कुछ छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर असली जिम्मेदारों को बचाने का प्रयास होगा?

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








