Chaibasa: कोल्हान में पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबलों ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के एक सुरक्षित ठिकाने को ध्वस्त कर दिया। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक लाख रुपये के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मुठभेड़ में मार गिराया।
करीब 45 मिनट तक चली गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों को यह सफलता मिली। हालांकि अन्य नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सागेन दस्ते का सक्रिय सदस्य था इसराइल पूर्ति
मारा गया नक्सली इसराइल पूर्ति सागेन दस्ते का सक्रिय सदस्य था और लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल था। वह गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सांगाजाटा गांव का रहने वाला था और संगठन में उसकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी।
उसकी भूमिका सिर्फ हमलों तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह नक्सलियों को सुरक्षित रास्ते दिखाने और सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर नजर रखने में भी अहम जिम्मेदारी निभाता था।
Read More- झारखंड में हाईटेक होगा प्रशासन, सीएम हेमंत सोरेन ने RIMS-2 और मिनी सचिवालय का दिया तोहफा
कई संगीन मामलों में था शामिल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इसराइल पूर्ति पर कई गंभीर आरोप दर्ज थे, जिनमें हत्या, अपहरण और आईईडी ब्लास्ट शामिल हैं। हाल ही में 24 अप्रैल को गोइलकेरा के दुगुनिया गांव में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया की हत्या में भी उसकी सक्रिय भूमिका सामने आई थी। इस घटना के बाद ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
Read More- कोडरमा के नंदोडीह गांव में विवाहिता का संदेहास्पद मौत, पति समेत ससुरालवाले फरार
खुफिया सूचना के आधार पर चला ऑपरेशन
खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने गोइलकेरा और टोंटो क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया। इसी दौरान रूटुगुटू जंगल में नक्सलियों के साथ आमना-सामना हुआ, जो मुठभेड़ में बदल गया।
मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें हथियारों और नक्सली सामग्री की बरामदगी हुई है।
Read More- गिरिडीह में बस और कार की भयंकर टक्कर, दो लोगों की दर्दनाक मौत
कोल्हान में नक्सल नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को कोल्हान क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसराइल पूर्ति जैसे सक्रिय सदस्य के मारे जाने से संगठन की गतिविधियों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








