Palamu: पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है जहां शादी के दौरान फायरिंग से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। समारोह के दौरान अचानक गोलीबारी से अफरातफरी मच गई। घटना में दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। पूरा मामला भगत तेंदुआ गांव का बताया जा रहा है।
पूर्व मुखिया लाइसेंसी हथियार से की फायरिंग
घटना के अनुसार, नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर से लोग राहुल रजक के घर तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह पूरे उत्साह के साथ चल रहा था, तभी हरिहरगंज पूर्वी के पूर्व मुखिया सरोज मेहता ने अपने लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पूजा करा रहे पंडित के पैर में गोली लग गई, जबकि सिल्दा गांव निवासी जागेश्वर बैठ के पीठ में गोली जा लगी।
पलामू पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सरोज मेहता को गिरफ्तार कर लिया है और उनका हथियार भी जब्त कर लिया गया है।
थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हथियार के लाइसेंस को रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।









