Ranchi: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन सोमवार को उस समय उग्र हो गया, जब विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की ओर से पुलिस बल पर पथराव किए जाने की सूचना है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विधानसभा घेराव के लिए बड़ी संख्या में छात्र जुटे। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच स्थिति बिगड़ने के बाद पथराव की घटना सामने आई। पथराव में एक पुलिसकर्मी को चोट लगी, जिसके बाद मौके पर मौजूद एंबुलेंस की मदद से घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।
प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारी छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है।
JPSC-JSSC विवाद को लेकर लगातार आंदोलन
JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर झारखंड में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। छात्र परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित गड़बड़ियों की जांच और अपनी अन्य मांगों को लेकर सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल विधानसभा घेराव स्थल पर पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








