Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देने वाला बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में RIMS-2 परियोजना को मंजूरी दे दी गई। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए ₹4,189 करोड़ 41 लाख 26 हजार 604 की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसे झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस फैसले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक अस्पताल की स्वीकृति नहीं, बल्कि झारखंड के करोड़ों लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
पड़ोसी राज्यों के मरीजों का भी रिम्स पर भरोसा बढ़ा है
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही उनका लक्ष्य रिम्स पर बढ़ते मरीजों के दबाव को कम करना और राज्य के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। इसी सोच के साथ उन्होंने रिम्स-2 की परिकल्पना की और इसे धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान रिम्स की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के कारण आज झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के मरीजों का भी रिम्स पर भरोसा बढ़ा है। लगातार बढ़ते मरीजों के दबाव को देखते हुए रिम्स-2 की आवश्यकता महसूस की गई और इसके लिए हर स्तर पर गंभीर प्रयास किए गए।
आज मेरे जीवन का एक सपना पूरा हुआ-इरफान अंसारी
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि इस परियोजना को मंजूरी दिलाने के दौरान कई प्रशासनिक एवं तकनीकी चुनौतियां सामने आईं, लेकिन राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन से सभी बाधाओं को दूर किया गया। आज कैबिनेट की स्वीकृति के साथ यह सपना साकार हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “आज मेरे जीवन का एक सपना पूरा हुआ है। मैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। उनकी दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण झारखंड को अब तक की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सौगात मिली है। रिम्स-2 केवल एक अस्पताल नहीं होगा, बल्कि यह आने वाले वर्षों में पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर बदल देगा। हमारा प्रयास है कि झारखंड के किसी भी मरीज को बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।”
भविष्य में एशिया के सबसे बड़े अस्पतालों में अपनी पहचान बनाएगा रिम्स-2
उन्होंने कहा कि रिम्स-2 आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से सुसज्जित होगा तथा भविष्य में यह एशिया के सबसे बड़े अस्पतालों में अपनी पहचान बनाएगा।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। राज्य के विभिन्न जिलों से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों एवं आम नागरिकों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को लगातार फोन कर बधाई एवं धन्यवाद दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह निर्णय झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और रिम्स-2 उसी संकल्प का सबसे बड़ा प्रतीक है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








