Koderma: कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड स्थित पपलो गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर उत्पात मचाया। बुधवार देर रात करीब दो दर्जन हाथियों ने खेतों में तैयार धान की फसल रौंद दी। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है और इलाके में दहशत का माहौल है।
हाथियों के हमले में यूनुस अंसारी, इंद्रदेव यादव, सहोदरी देवी, अफजल अंसारी, भुनेश्वर प्रसाद यादव, रामचंद्र यादव, रामसहाय यादव और चुरामन मियां की करीब दो एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई। किसानों का कहना है कि मेहनत से तैयार फसल नष्ट होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों और वन विभाग ने हाथियों को खदेड़ा
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची। ग्रामीणों और वनकर्मियों ने मशालें जलाईं और पटाखे फोड़कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, हाथियों का झुंड अभी भी बेरहवा जंगल में मौजूद है। वन विभाग की टीम उसे इलाके से बाहर खदेड़ने में जुटी है।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
वन विभाग ने लोगों से हाथियों के झुंड के करीब नहीं जाने की अपील की है। ग्रामीणों को रात में घरों के बाहर सोने, अकेले खेतों में जाने और जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
इधर, प्रभावित किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का जल्द मुआवजा देने और हाथियों के बार-बार गांव में आने की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









